मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के चैनपुर चितहां में लेनदेन विवाद में रविवार को अंधाधुंध फायरिंग की गई। जिसमें एक गोली वहां से सौ मीटर की दूरी पर खड़े 7 साल के कृष्णा उर्फ लड्डू को लगी। गोली उसके जांघ को आरपार करती हुई दूसरे जांघ में लग गयी। काफी खून बहने लगा। उसके चचेरे भाई ब्रह्मदेव की नजर पड़ी तो गमछा से गोली लगने वाले जगह पर बांध दिया और फौरन वे लोग उसे लेकर हॉस्पिटल भागे। वहीं बच्चे को गोली लगने के बाद आरोपी भी फरार हो गए।
बैरिया स्थित एक निजी हॉस्पिटल में बच्चे को भर्ती किया गया। लेकिन, गोली नस में जाकर फंसी हुई थी। उसकी हालत गम्भीर देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है। हॉस्पिटल में मौजूद उसके चचेरे भाई ने बताया कि दो पक्षों के बीच रुपए लेनदेन का विवाद था। वह और उसका चचेरा भाई घटनास्थल से कुछ दूरी पर मौजूद थे। तभी पुण्यदेव राय ने पिस्टल से गोली फायर किया। एक गोली लड्डू को जांघ में आकर लग गयी। उसने बताया कि पुण्यदेव सरकारी स्कूल में शिक्षक है। घटना की सूचना पर पारू थानेदार राजेन्द्र दास मौके पर पहुंचे। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस छानबीन और गिरफ्तारी में जुटी हुई है।
बकाया पैसा मांगने आया था
ब्रह्मदेव ने बताया कि मोहजम्मा के एक व्यक्ति का करीब एक लाख से अधिक रूपया हमारे ग्रामीण महेंद्र दास के यहां बकाया था। वह व्यक्ति फोर व्हीलर से बकाया पैसा मांगने आया था। लेकिन, दोनों के बीच विवाद होने लगा। गाली-गलौज और हंगामा होने लगा। यह देखकर आसपास के काफी लोग मौके पर जुट गए थे। वह और लड्डू भी वहां पर हल्ला सुनकर देखने के लिए गए थे।
तीन पिस्टल और कट्टा लेकर आए
महेंद्र दास के पक्ष से पुण्यदेव और उसका बेटा व भांजा मौके पर हथियार लहराते हुए पहुंच गए। इनके पास तीन पिस्टल व कट्टा था। एक जंग लगा हुआ था। आते ही वे लोग बकाया मांगने वाले व्यक्ति और उनके साथियों पर टूट पड़े। जमकर मारपीट करने लगे। उसकी गाड़ी का शीशा फोड़ दिया। जंग लगे कट्टा से फायरिंग करने का प्रयास किया। लेकिन, उसका ट्रिगर नहीं दबा। वहीं पुण्यदेव दूसरे पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। करीब 8-10 राउंड गोली चलने की बात बताई है। इसी दौरान एक गोली बच्चे को आकर लग गयी। मारपीट में घायल व्यक्ति किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। SDPO राजेश शर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। घटनास्थल पर पुलिस जांच में जुटी है।
