मुजफ्फरपुर में जलस्तर गिरने से कई मोहल्लों में पेयजल की किल्लत, पानी खींचने में हांफ रहे पंप हाउस

मुजफ्फरपुर । गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर के कई इलाकों में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न होने लगी है। जलस्तर गिरने से बूढ़ी गंडक किनारे बसे मुहल्लों में पेयजल की किल्लत है।

एक ओर जलस्तर में गिरावट से निगम के पंप हाउस पानी खींचने में हांफ रहे हैं, वहीं नल जल योजना का काम करने वाले संवेदकों की लापरवाही से लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है।

बूढ़ी गंडक के किनारे बसे मुहल्लों में पीने के पानी की सबसे अधिक किल्लत है। नदी किनारे भू-जल का स्तर गिरने से वहां स्थित निगम के पंप हाउस पूरी तरह से पानी नहीं खींच पा रहे हैं। इन इलाकों में जलस्तर 36 से 38 फीट पर पहुंच गया ह,ै जो सामान्य दिनों की तुलना में 10-15 फीट नीचे है। पाइप में पानी का दबाव कम होने से लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। वहीं पाइपलाइन के ठेकेदार की लापरवाही से कई मुहल्लों में पानी नहीं मिल रहा है।

पुलिसलाइन रोड में दाउदपुर कोठी मुहल्ले को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। नल पर पानी के इंतजार में लोगों की कतार लग रही है। गोशाला रोड में निराला नगर के पास निर्माणाधीन रोड के नीचे से निकली पाइप का मेन लाइन से कनेक्शन नहीं किया गया है। इस कारण निराला नगर में बीते एक माह से पानी नहीं मिल रहा है। मुहल्लावासियों ने सप्लाई पाइप को मुख्य पाइपलाइन से जोड़ने के लिए जल कार्य शाखा को आवेदन दिया है। इधर, वार्ड 12 के दाउदपुर कोठी मोहल्ले में तीन सबमर्सिबल पंप हैं, लेकिन इनसे जुड़ी पाइपलाइन से घरों में कनेक्शन नहीं दिया गया है।

पाइप में पानी नहीं आने से दाउदपुर कोठी मोहल्ले में पानी नहीं मिल रहा है। इसकी शिकायत स्थानीय वार्ड पार्षद ने नगर आयुक्त से की है। वार्ड 15 के आश्रमघाट, कर्पूरी नगर, ब्रह्मस्थान में भी मेन पाइपलाइन से पानी नहीं मिल रहा है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *