मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के पिलखी में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहिता की मौत हो गयी। उसका शव घर मे पड़ा हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और मृत महिला के मायके वाले पहुंचे। छानबीन करने व पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद से ससुराल वाले फरार बताए जा रहे हैं।
मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतका की पहचान राहुल राय की पत्नी ममता (24) के रूप में हुई है। उसके भाई विक्रम ने बताया कि घर में विवाद चल रहा था। दहेज के मामला नहीं था। अंदरूनी कलह की वजह से उसकी बहन परेशान थी। सोमवार रात उसने अपने चाचा कुशेश्वर राय को कॉल किया था। कहा था कि वह बहुत परेशान है। वह नहीं बचेगी। चाचा ने उससे पूछा था कि क्या बात है। लेकिन, उसने खुलकर नहीं बताया था और कॉल काट दिया था।
सुबह पेट दर्द की थी शिकायत
विक्रम ने बताया कि सुबह में उसका कॉल आया था। कहा कि पेट मे दर्द हो रहा है। लेकिन, कोई उसे न हॉस्पिटल ले गया और न डॉक्टर को बुलाया। एक भगत बताने वाले व्यक्ति से झाड़ फूंक करवाया गया। जबतक वे लोग वहां पहुंचे। उसकी मौत हो चुकी थी। घर पर कोई नहीं था। सभी लोग फरार हो गए।
तीन साल पहले हुई थी शादी
महिला की शादी तीन साल पूर्व राहुल से हुई थी। उसे दो साल की एक बेटी है। विक्रम ने कहा कि उसका बहनोई संदिग्ध छवि का है। डेढ़ महीने पहले ही जेल से जमानत पर छूटकर बाहर निकला है। उसकी बहन खुश नहीं थी। घरेलू विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। अक्सर घर मे लड़ाई झगड़ा होता था।
उन्होंने आशंका जताई कि इसी कारण ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी होगी। सकरा थानेदार सरोज कुमार ने बताया कि परिजन का जो बयान होगा। उस आधार पर FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से लगेगा। वहीं, महिला के ससुराल में जहर खाने से मौत की चर्चा है।