शहर से लेकर गांवों तक बुधवार को भीषण बिजली संकट रहा। जिले में करीब 70 मेगावाट बिजली कटौती की गई। इससे कई फीडरों को लोड शेडिंग पर रखा गया। भिखनपुरा ग्रिड पर शाम छह से रात 10 बजे तक पिक आवर में 96 मेगावाट लोड था, लेकिन 51 मेगावाट बिजली ही मिली।
एसकेएमसीएच ग्रिड में 80 से 81 मेगावाट की जगह 56 मेगावाट बिजली मिली।
मोतीपुर में 40 व मुशहरी के द्वारिकानगर ग्रिड में 51 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है। दोनों ग्रिड को फुल लोड बिजली मिली। बिजली कटौती के कारण खबड़ा, मड़वन, कुढ़नी, रेलवे सहित कई फीडर लोड शेडिंग पर रहे। मंगलवार की देर रात ब्रह्मपुरा, लक्ष्मी चौक, राहुल नगर, चांदनी चौक, सिकंदरपुर इलाके में बिजली दो से तीन घंटे तक कटी रही। छाता चौक इलाके में बुधवार सुबह करीब एक घंटे तक लो वोल्टेज की समस्या रही। गायघाट, अहियापुर, कुढ़नी, सकरा आदि इलाके में बिजली आपूर्ति शाम में चरमरा गई। कुढ़नी फीडर शाम छह बजे से करीब ढाई घंटे तक लोड शेडिंग में रहा।
