ब‍िहार में गजब मामला: वरमाला के ऐन वक्‍त पर दुल्‍हन बोली-बदल गया है दूल्‍हा नहीं करूंगी शादी, फिर …

पूर्वी चंपारण (रक्सौल),जासं। ब‍िहार के रक्‍सौल में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दूल्हा बदलने का आरोप लगा दुल्हन ने शादी से इन्‍कार कर दिया। फ‍िर कार्यक्रम में शुरू हुआ हाईवोल्‍टेज ड्रामा।

वरमाला स्टेज पर शुरु हुआ विवाद बढ़ता गया फ‍िर बगैर विवाह के लौट गए दूल्‍हा-दुल्‍हन। रक्‍सौल शहर के ब्लाक रोड स्थित एक आवासीय होटल में आयोजित शादी समारोह बगैर विवाह समाप्त हो गया। देर रात से शुरू हुआ मानमनौवल सुबह तक चलता रहा। दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। इसी बीच मामला थाने पहुंच गया। प्राप्त जानकारी अनुसार शहर के मौजे मोहल्ला निवासी प्रेम साह के पुत्र की शादी घोड़ासहन निवासी बिगु साह की पुत्री से होना तय हुआ था। आयोजित स्थल पर दोनों पक्ष के लोग पहुंचे थे। बारातियों का सत्कार हो रहा था। इसी बीच वरमाला के लिए वर और वधू पक्ष के लोग स्टेज पर पहुंचे तभी विवाद शुरू हो गया।

अंगूठी को लेकर शुरू हुआ व‍ि‍वाद

वर पक्ष का कहना है कि वरमाला के समय सोने की अंगूठी को लेकर विवाद हुआ। वहीं लड़की पक्ष के मुताबिक दूल्हा बदल दिया गया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता चला गया। अंत में लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंच पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। जहां प्रबुद्धजनों के सहयोग से मामले को शांत कराया गया। खबर लिखे जाने तक विवाह नहीं हुआ था। पूछे जाने पर वर पक्ष के लोगों ने कहा कि हमलोग शादी के लिए तैयार हैं। थानाध्यक्ष शशिभूषण ठाकुर ने बताया कि शादी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। लड़की शादी से इंकार कर गई, इसलिए शादी नहीं हो सकी।

फायर‍िंग का वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार

घोड़ासहन। अवैध हथियार से फायर‍िंंग करते वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल करना रूपेश कुमार नामक युवक को भारी पड़ गया। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने उसे श्रीपुर चौक के निकट से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वह थाना क्षेत्र के लैन बसवरिया ग्रांम निवासी हर‍िंदर राय का पुत्र बताया गया है। उसके बयान के आधार पर वीडियो बनाने वाले गांव के ही एक अन्य युवक को भी आरोपित कर थानाध्यक्ष द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपित युवक की गिरफ्तारी को लेकर पुलिसिया कार्रवाई तेज कर दी गई है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष के अलावा एएसआइ अनिल कुमार व सशस्त्र बल शामिल रहे।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *