मुजफ्फरपुर; जमीनी विवाद में घायल महिला पंच की मौत, हाईवे पर शव रख जमकर हंगामा

थाना के गोसाई छपरा गांव में 26 अप्रैल को जमीन विवाद में हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई। मृतका आशा देवी बसैठा पंचायत के वार्ड-12 की पंच और गांव के सूरज भगत की पत्नी थी।

शव के पोस्टमार्टम से आने के बाद आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। मणिकपुर चौराहा पर शव रखकर एनएच 722 व एसएच 74 को जाम कर दिया। इससे दोनों हाईवे वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जाम हटाने गई पुलिस को भी आक्रोश का सामना करना पड़ा। आक्रोशित परिजन पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगा रहे थे। पूर्व मुखिया दिलीप राय व जिला पार्षद पति मो. रहमतुल्ला राइन मुन्ना ने आक्रोशितों को समझाकर शांत किया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने घटना में नामजद आरोपितों को अविलंब गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। करीब साढ़े तीन घंटे के बाद जाम खत्म हुआ। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *