छाई (फ्लाई ऐश) व धूलकण उड़ने से परेशान स्थानीय लोगों का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर को कांटी थर्मल के आवासीय गेट व कांटी थाना रोड को जामकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान लोगों ने थर्मल प्रबंधन व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, जदयू प्रखंड अध्यक्ष महेश प्रसाद साह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र पासवान व कांटी थानाध्यक्ष की पहल व प्रबंधन के समुचित उपाय के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए।
सुबह तेज हवा के साथ छाई उड़ने से कांटी पुराना चौक, नया चौक व आसपास के इलाके के लोग परेशान हो गए। आक्रोशित लोगों ने थाना रोड व थर्मल कॉलोनी के पास बांस-बल्ला लगाकर वाहनों का आवागमन रोक दिया। लोगों का कहना था कि थर्मल के ऐश डेक से लगातार छाई उड़ती रहती है। शुक्रवार शाम आयी आंधी व शनिवार सुबह से चल रही हवा के कारण पूरा इलाका प्रदूषण की चपेट में है। घरों से लेकर दुकान तक में छाई व धूलकण भर गए हैं। खाना-पीना दूभर हो गया है। सांस व आंख की तकलीफ बढ़ गई है। लोगों की शिकायत थी कि प्रबंधन लैगून तीन में छाई के उचित निष्पादन को लेकर गंभीर नहीं है। पुराने ऐश डेक से छाई की लगातार कटाई व ढुलाई के कारण एनएच समेत इलाके की सड़कें धूल में डूबी रहती हैं। पानी का छिड़काव भी नियमित नहीं किया जाता है। जाम के कारण एनएच पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
केबीयूएनएल के पीआरओ अतुल पराशर ने कहा कि डस्ट सस्पेंशन के लिए ऑटोमेटिक वाटर स्प्रिंकलर सिस्टम व टैंक से नियमित पानी का छिड़काव किया जाता है। आंधी व तेज हवा के कारण ऐसी समस्या हुई है। स्टेज दो में ईएसपी लगा हुआ है जिससे राख व धुंआ नहीं के बराबर निकलता है।
