मुजफ्फरपुर, मुख्य संवाददाता।
स्मार्ट सिटी के निर्माण में आड़े आ रही दर्जनों दुकानों का अतिक्रमण शुक्रवार को हटाया गया। निगम प्रशासन ने बैरिया गोलंबर से लेकर कंपनीबाग तक अभियान चलाया।
इस क्रम में एक दर्जन दुकानों की बांस-बल्ली आदि जब्त की गई।
सुबह 10 बजे ही निगम का बुलडोजर बैरिया गोलंबर पर पहुंच गया। पुलिस बल व बुलडोजर देखकर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। इसी क्रम में दुकानों को तोड़ने का काम शुरू किया गया। दुकानदारों ने इसका विरोध भी करना चाहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण उनकी एक नहीं चली। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने निगम अधिकारियों को कहा कि बैरिया रोड में जो भी अतिक्रमण है, उसे तुरंत खाली कराएं। दूसरी ओर निर्माण एजेंसी को कहा गया है कि काम निर्धारित समय पर पूरा करें। यदि समय पर काम पूरा नहीं होता है तो कार्रवाई की जाएगी।